Rajasthan: हाउस कीपर सीधी भर्ती-2022 का मास्टर प्रश्न पत्र एवं प्रारम्भिक उत्तर कुंजी हुई जारी, ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक इस समय तक रहेगा सक्रिय

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 9 जुलाई 2022 को आयोजित हाउस कीपर सीधी भर्ती-2022, (परीक्षा कोड: 124) का मास्टर प्रश्न पत्र तथा इसकी प्रारम्भिक उत्तर कुंजी जारी कर दी गई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की वेबसाइट www.rsmssb.rajasthan.gov.in पर इसे जारी किया गया है।
यदि किसी परीक्षार्थी को प्रश्न पत्र में सम्मिलित किसी/किन्हीं प्रश्न अथवा इसके/इनके उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ अपनी ऑनलाइन आपत्ति बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं। ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक केवल दिनांक 24 जुलाई, 2022 समय 00:01 बजे (मध्य रात्रि) से दिनांक 26 जुलाई, 2022 समय 23:59 बजे (मध्य रात्रि) तक ही उपलब्ध है, उसके पश्चात् लिंक निष्क्रिय हो जाएगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के सचिव ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा में अलग-अलग सेट के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। अपलोड किए गए मास्टर प्रश्न पत्र में उनको उपलब्ध कराए गए प्रश्न पत्र के सभी प्रश्न अलग-अलग क्रमांक पर सम्मिलित हैं। उनके प्रश्न पत्र में किसी प्रश्न के उत्तर के दिए गए विकल्पों का क्रम भी अपलोड किए गए मास्टर प्रश्न पत्र के प्रश्न के उत्तर के विकल्पों में भिन्न क्रम में हो सकता है।
अत: यह भी सूचित किया जाता है कि वे बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए गए मास्टर प्रश्न पत्र की प्रश्न संख्या व उत्तर के विकल्पों क्रम के आधार पर ही अपनी आपत्तियाँ दर्ज करें। इसका ध्यान अवश्य रखें। बोर्ड द्वारा प्रत्येक आपत्ति का शुल्क 100 रुपए निर्धारित किया गया है।