Ashok Gehlot ने उठाया बड़ा कदम, अब जनता को घर के नजदीक ही तहसील से संबंधित कार्यों की मिलेंगी सुविधाएं

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए फिर से बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत उन्होंने 03 नवीन तहसील और 01 उप तहसील खोलने के प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी दी हैं।
इसमें जोधपुर जिले में नवीन तहसील झंवर कार्यालय और पटवार मंडलों, भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्तों के सृजन करने के लिए स्वीकृृति मिली है। इससे स्थानीय जनता को घर के नजदीक ही तहसील से संबंधित कार्यों की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस कार्यालय सृजन से नवीन तहसील झंवर के क्षेत्राधिकार में 03 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 14 पटवार मंडल एवं 79 राजस्व ग्राम शामिल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट सत्र 2022-23 के दौरान वित्त एवं विनियोग विधेयक चर्चा के दौरान बिंदु संख्या 86 में नवीन कार्यालय सृजन की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने जोधपुर जिले की उप तहसील कुड़ी भगतासनी को नवीन तहसील और उप तहसील घंटियाली को नवीन तहसील के रूप में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। अशोक गहलोत ने प्रतापगढ़ जिले में नवीन उप तहसील मूंगाणा के सृजन के प्रशासनिक प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।