Ashok Gehlot ने गौवंशीय पशुओं में फैल रहे लम्पी स्किन रोग के प्रभावी नियंत्रण में सहयोग करने के लिए केन्द्र सरकार से किया आग्रह

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गौवंशीय पशुओं में फैल रहे लम्पी स्किन रोग पर चिंता व्यक्त करते हुए केन्द्र सरकार से सहयोग करने का आग्रह किया है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
उन्होंने इस संबंध में ट्वीट किया कि राज्य के विभिन्न जिलों के गौवंशीय पशुओं में फैल रहे लम्पी स्किन रोग चिंतनीय है, राज्य सरकार गौवंशीय पशुओं के प्रति सजगता एवं संवेदनशीलता बरतते हुए रोग नियंत्रण के सभी संभावित उपाय कर रही है।
केन्द्र सरकार से गौवंश को बचाने के लिए आर्थिक एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और बीमारी के प्रभावी नियंत्रण में सहयोग करने के लिए आग्रह है। राज्य के पशुपालकों से धैर्य बनाये रखने एवं गौशाला संचालकों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से बीमारी के नियंत्रण एवं रोकथाम में राज्य सरकार का सहयोग करने की अपील है।
पशुधन राजस्थान के किसानों की जीवन रेखा है। गौवंश पशुपालकों को अकाल की स्थिति में आर्थिक संबल प्रदान करते है। सदियों से पशुपालक पशुधन के बल पर विपरित परिस्थितियों से लड़ते आ रहे हैं। प्रदेश की बहुमूल्य पशुधन सम्पदा की महत्ता को बनाए रखने, उनके विकास एवं पशुधन उत्पादन की अभिवृद्धि के साथ-साथ पशुपालकों व किसानों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराकर आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।