Delhi: पांच दिनों से घर से लापता था दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने वाला सरबजीत, परिवार वाले बता रहे दिमागी रूप से...
- byShiv
- 07 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई और वो भी कोई छोटी जगह पर नहीं, दिल्ली विधानसभा परिसर में, बताया जा रहा हैं कि एक युवक कार लेकर सीधे दिल्ली विधानसभा परिसर में घुस गया। आरोपी की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है जो मूल रूप से यूपी के पीलीभीत जिले का रहने वाला है। पुलिस ने सरबजीत को घटना के कुछ ही समय बाद रूपनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

कैसे हुई घटना
मीडिया रिपोटर्स की माने तो प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सरबजीत सिंह दोपहर करीब 2ः05 बजे अपनी कार से विधानसभा के गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। अंदर पहुंचने के बाद उसने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की आधिकारिक कार के पास जाकर उसमें फूलों का गुलदस्ता और माला रखी। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय के लिए कार में बैठा भी रहा। इसके बाद उसने स्पीकर के दफ्तर के बाहर भी एक गुलदस्ता रखा और उसी गेट से बाहर निकल गया। पुलिस ने उसे रूपनगर के पास लगे पिकेट पर पकड़ लिया। घटना में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

परिवार का दावा- मानसिक रूप से अस्थिर
खबरों की माने तो आरोपी के परिवार ने उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया है। उसकी मां ने कहा कि वह पिछले पांच दिनों से घर से लापता था और परिवार को उसके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं थी। परिवार के अनुसार, सरबजीत एक अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से निकला था और दो अप्रैल को बरेली पहुंचा। इसके बाद उसने कहां-कहां यात्रा की, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। उन्होंने बताया कि वह अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था और किसी से बात नहीं करता था।
pc- live hindustan, bhaskar digital,zee news






