Weather Update: राजस्थान में बारिश का दौर जारी, राजधानी जयपुर में देर रात से सुबह तक बरसे मेघ, आज के लिए अलर्ट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून अब पूरे तरीके से फैल चुका हैं, बारिश का दौर जारी है। हालांकि अभी तक कई जिले ऐसे हैं जहां बारिश नहीं हुई है। इधर राजधनी जयपुर और आस पास के क्षेत्रों में देर रात अच्छी बारिश देखने को मिली है। इस बारिश के बाद भी लोगों को हालांकि उमस से राहत नहीं मिल रही है। गर्मी से लोग परेशान है। जयपुर में रविवार देर रात करीब 1 बजे शुरू हुआ तेज बारिश का दौर सोमवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज से मानसून के तेवर और भी कड़क होने वाले हैं।

हो सकती हैं भारी बारिश
मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में बना एक बेहद मजबूत डिप्रेशन सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण अगले 4-5 दिनों तक मरुधरा के बड़े हिस्से में भारी से अति भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा चेतावनी के अनुसार, अगले कुछ घंटों में राज्य के कई जिलों में तेज अंधड़ के साथ भारी बारिश का तांडव देखने को मिल सकता है।

जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, जयपुर, अजमेर और टोंक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से कड़क हवाएं चलेंगी और तीव्र मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं झुंझुनू और चूरू यहां 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। यहां यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस साल मानसून जयपुर पर खास मेहरबान है। आंकड़ों की मानें तो जयपुर में हर साल 5 जुलाई तक सामान्यतः 82 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल यह रिकॉर्ड टूट चुका है और अब तक 111 मिमी से ज्यादा पानी बरस चुका है।

pc- firstindianews.com