WB Elections 2026: पीएम मोदी 3 दिनों में करेंगे 7 सभाएं, 9 अप्रैल से शुरू होगा बंगाल का दौरा

इंटरनेट डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सप्ताह राज्य में सात महत्वपूर्ण चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल बीजेपी राज्य समिति के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह तूफानी दौरा 9 अप्रैल से शुरू होगा और 12 अप्रैल तक चलेगा, जिसका उद्देश्य दो चरणों में होने वाले मतदान से पहले पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना है।

करेंगे मेगा रैलियां
मीडिया रिपोटर्स की माने तो प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के अनुसार, 9 अप्रैल को वे एक के बाद एक तीन बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे। इनमें पश्चिम बर्धमान जिले का आसनसोल, बीरभूम का सूरी और पूर्वी मिदनापुर का हल्दिया शामिल है। ये क्षेत्र औद्योगिक और राजनीतिक दृष्टि से राज्य के महत्वपूर्ण केंद्र माने जाते हैं।

उत्तर और दक्षिण बंगाल पर फोकस
प्रधानमंत्री 11 अप्रैल को फिर से तीन रैलियों को संबोधित करने के लिए बंगाल लौटेंगे। इस दिन वे मुर्शिदाबाद के जंगीपुर, पूर्व बर्धमान के कटवा और दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट में जनसभाएं करेंगे। इसके बाद, वे दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 12 अप्रैल को सिलीगुड़ी शहर में प्रधानमंत्री का एक भव्य रोडशो प्रस्तावित है।प्रधानमंत्री के कुल 14 चुनावी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। अभियान का अंतिम और सबसे प्रमुख कार्यक्रम दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में होगा।

pc- newsonair.gov.in