Ashok Gehlot ने अब प्रदेश के लोगों के लिए उठाया ये बड़ा कदम

 | 
Image Credtis: deccanherald

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा चुनाव से पहले एक और बड़ा कदम उठाया है। अब उन्होंने नवसृजित जिले अनूपगढ़ में आयुष चिकित्सालय एवं बालोतरा में आयुर्वेद चिकित्सालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही, उन्होंने उक्त दोनों चिकित्सालयों के लिए 22 नवीन पद सृजित किए जाने की भी मंजूरी दी है। गहलोत की इस स्वीकृति से नवसृजित जिलों में चिकित्सा सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा क्षेत्रवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा दी गई स्वीकृति के अनुसार अनूपगढ़ मुख्यालय पर खोला जाने वाला आयुष चिकित्सालय जिला आयुष चिकित्सालय के रूप में कार्य करेगा। पूर्व में अनूपगढ़ में होम्योपैथी औषधालय की स्थापना तथा आयुर्वेद औषधालय में यूनानी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की स्वीकृति देते हुए नवीन पदों के सृजन की मंजूरी दी गई थी। अब ये पद आयुष चिकित्सालय में सृजित किए जाएंगे। साथ ही, 11 नवीन पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी गई है। 

इसी प्रकार, बालोतरा में स्थापित किया जाने वाला आयुर्वेद चिकित्सालय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के रूप में कार्य करेगा। नवीन आयुर्वेद चिकित्सालय के संचालन के लिए 11 पद स्वीकृत करने की मंजूरी दी गई है।