किसानों की परीक्षा नहीं ले राज्य की कांग्रेस सरकार: Vasundhara Raje

 | 
Image Credids: twitter

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गंग नहर के पानी को लेकर प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने इस संबंध में ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि गंग नहर की अघोषित बंदी के कारण इस नहर क्षेत्र के किसान खून के आंसू पीने को मजबूर है।  नहर होते हुए भी सिंचाई जल के लिए तरस रहे किसानों की ऐसी स्थिति प्रदेश में पहली बार देखने को मिल रही है।

किसानों की लगातार तीन से चार सिंचाई पानी की बारियां सूखी जा रही है और वो अपनी आंखों के सामने खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद होते देख अत्यंत पीड़ा में हैं। इससे किसान तो बर्बादी के कगार पर खड़े ही हैं। साथ ही इसका असर अन्य व्यवसायों पर भी पडऩे वाला है। 

ये वो किसान है जिनका राज्य या देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान है। राज्य सरकार जवाब दे कि राजस्थान फीडर की भूमि पर नहर निर्माण की इजाजत देना क्या अनुचित नहीं है ? क्या कारण है कि गंगनहर में अघोषित बंदी के चलते सिंचाई का पानी मिलना तो दूर पेयजल के भी लाले पड़ गए हैं?

इस विषय में कई किसानों से मेरी फोन पर बात हुई, जिन्होंने बताया कि अपने जीवन में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी। यदि यही स्थिति रही तो इस क्षेत्र को अकाल का सामना करना पड़ेगा। राज्य की कांग्रेस सरकार किसानों की परीक्षा नहीं ले। उनकी फसलों को बचाने की दिशा में प्रयास करें।