कांग्रेस सरकार में ना मंत्रियों की सुनवाई हो रही है और ना जनता की: Rajendra Rathore

 | 
Image Credits: twitter

जयपुर। खेल मंत्री अशोक चांदना द्वारा हिण्डोली-नैनवां के बिजली उपभोक्ताओं एवं किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किए जाने को लेकर किए गए ट्वीट के संबंध में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में ट्वीट किया कि यह तो परिवर्तन की शुरुआत है।

असंतोष और अंतर्कलह में उलझी कांग्रेस सरकार के मंत्री ही जब कलेक्ट्रेट के घेराव को विवश हो जाए तो इससे बड़े दुर्भाग्य की बात क्या होगी। अभूतपूर्व बिजली संकट से किसान और आम उपभोक्ता बेहाल है। सरकार में बिजली उपभोक्ताओं एवं किसानों की समस्याओं को लेकर ना मंत्रियों की सुनवाई हो रही है और ना जनता की। आमजन के बाद अब कांग्रेस के मंत्री भी अपनी ही सरकार के विरोध में सडक़ों पर उतरने को मजबूर है।

संविधान के आर्टिकल 164 (2) के अनुसार मंत्रिमंडल के किसी एक मंत्री का बयान पूरे मंत्रिमंडल का माना जाता है। सरकार के मंत्री ने जनसमस्याओं को लेकर विरोध का जो रास्ता अपनाया है, यह पीड़ा तकरीबन हर मंत्री की है, लेकिन कहने की हिम्मत किसी में नहीं है। कांग्रेस नेताओं में असंतोष का ज्वालामुखी जरूर फूटेगा।