Congress नेता रामेश्वर डूडी को ब्रेन हेमरेज, सीएम गहलोत ने पूछी कुशलक्षेम, राजे ने कही ये बात

जयपुर। कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी को ब्रेन हेमरेज होने के कारण राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित मंगलम प्लस मेडिसिटी अस्पताल भर्ती करवाया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अस्पताल पहुंच राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष श्री रामेश्वर डूडी की कुशलक्षेम पूछी।
अशोक गहलोत ने चिकित्सकों से डूडी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की। उन्होंने सवाई मानसिंह चिकित्सालय के अधीक्षक व न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अचल शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों को मौके पर ही बुलाकर उपचार के सम्बंध में विस्तृत बातचीत कर निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व मंत्री रामलाल जाट और राजस्थान राज्य केश कला बोर्ड अध्यक्ष महेंद्र गहलोत भी साथ थे।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस संबंध में ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की अस्वस्थता का चिंताजनक समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।