Rajasthan: सीएम गहलोत ने अब इन लोगों को दिया बड़ा तोहफा

 | 
Image Credits:  ndtv

जयपुर। राजस्थान में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब अंशकालीन पुजारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम गहलोत ने अब राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिरों के अंशकालीन पुजारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। साथ ही, देवस्थान विभाग के अधीन 593 मंदिरों में पोशाक, रंग-रोगन, मरम्मत तथा उन्नयन संबंधी कार्यों के लिए 5.93 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को भी स्वीकृति दी है। 

अशोक गहलोत ने देवस्थान विभाग के अधीन आने वाले राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिरों के अंशकालीन पुजारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। इससे पुजारियों का मानदेय 3 हजार रुपए प्रतिमाह से बढक़र 5 हजार रुपए प्रतिमाह हो जाएगा।

गहलोत के इस निर्णय से पुजारियों को आर्थिक संबल मिलेगा। उल्लेखनीय है कि आत्मनिर्भर मंदिरों के अंशकालीन पुजारियों का मानदेय 3 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए पूर्व में ही किया जा चुका है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में पुजारियों के मानदेय में वृद्धि तथा मंदिरों के मरम्मत, उन्नयन कार्यों के संबंध में घोषणा की गई थी।