Rajasthan: चुनाव पूर्व सीएम गहलोत ने उठाया एक और बड़ा कदम

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब प्रदेश में सूक्ष्म सिंचाई तंत्र को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सीएम गहलोत ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले माइक्रो इरिगेशन फंड योजना के अंतर्गत उद्यान विभाग की 765.07 करोड़ रुपए की परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट वर्ष 2023-24 में आगामी 3 वर्षों में 24 अतिदोहित भू-जल ब्लॉक्स के लगभग 1 लाख हैक्टेयर क्षेत्र को सम्पूर्ण रूप से सूक्ष्म सिंचाई के तहत सम्मिलित करने तथा धौलपुर कम्युनिटी लिफ्ट इरिगेशन स्कीम के अंतर्गत धौलपुर, राजाखेड़ा एवं सैंपऊ के 28 हजार 800 हैक्टेयर नहरी क्षेत्र को सूक्ष्म सिंचाई के तहत शामिल करने की घोषणाएं की थी।
एमआईएफ परियोजना के अंतर्गत उक्त दोनों घोषणाओं सहित अन्य कार्य सम्मिलित किए गए हैं। मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति से राज्य में जल उपयोग क्षमता संवद्र्धन हो सकेगा। चुनाव से पहले इसे सीएम गहलोत का महत्वपूर्ण कदम माना जा रह है।