Rajasthan : गहलोत को रावण बता फंसे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह, क्या होगा राहुल गांधी जैसा हाल?

 | 
Image Credits: aajtak

जयपुर। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को राजनीति का रावण बताए जाने के कारण परेशानी में घिर गए हैं। इस संबंध में उनके खिलाफ चित्तौडग़ढ़ में मानहानि के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। 

खबरों के अनुसार, स्थानीय कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। सुरेंद्र सिंह जाड़ावत की ओर से शेखावत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। 

गौरतलब है कि गुरुवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चित्तौडग़ढ़ में भारतीय जनता पार्टी जन आक्रोश रैली में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बयान दिया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि था कि राजस्थान में राजनीति के इस रावण अशोक गहलोत को समाप्त करना चाहते हो तो भुजाएं उठाओ और राजस्थान में राम राज्य की स्थापना के लिए संकल्प कीजिए।

इस बयान पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी।  लोग अब कयास लगा रहे हैं कि क्या अब राहुल गांधी की तरह ही गजेंद्र सिंह शेखावत की भी संसद सदस्यता जा सकती है।