Rajendra Rathore ने गहलोत पर साधा निशाना, कहा-धोखे की राजनीति तो कांग्रेस के डीएनए में है

जयपुर। प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर महंगाई राहत कैंपों के जरिए जनता को राहत देने की बजाय लगातार अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति करने का आरोप लगाया है। राजेन्द्र राठौड़ ने सीएम गहलोत द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत को धोखा देने के लगाए गए आरोपों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा विधायक राजेन्द्र राठौड़ ने इस संबंध में ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी मैंने तो भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर तत्कालीन वसुंधरा राजे जी की सरकार के समय पार्टी के एक कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता के नाते मुझे दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन किया था। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों की पालना करने में विश्वास रखता हूं और आप कांग्रेस आलाकमान के भेजे गए दूतों को बेइज्जत कर बैंरग भेजने की राजनीति में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस आलाकमान के लिए सबसे बड़े शर्म की बात है कि आपने 25 सितंबर 2022 को विधायक दल की बैठक ही नहीं होने दी और 92 विधायकों का इस्तीफा दिलवाकर आलाकमान के मुंह पर करारा तमाचा मारा था।
आदरणीय भैरोंसिंह शेखावत जी मेरे जैसे अनगिनत कार्यकर्ताओं के गुरु रहे हैं। मुझे गर्व है कि मैं उनका शिष्य रहा हूं। धोखा देने की राजनीति हमारे संगठन की परम्परा नहीं रही। धोखे की राजनीति तो कांग्रेस के डीएनए में हैं जहां कुर्सी के चक्कर आप अपने लोगों को भी धोखा देने में बख्श नहीं रहे हो। इससे बड़े दुर्भाग्य की बात क्या होगी कि महंगाई राहत कैंपों के जरिए आप जनता को राहत देने की बजाय लगातार अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति में लगे हुए हैं।