Commonwealth Games 2022: आठवें दिन भारत को मिले तीन स्वर्ण सहित छह पदक, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया को मिली स्वर्णिम सफलता

खेल डेस्क। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का 8वां दिन भारत के लिए स्वर्णिम सफलता वाला रहा। शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने तीन स्वर्ण सहित छह पदक अपने नाम किए। इनमें एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
भारत को शुक्रवार को ये सफलता रेसलिंग में मिली है। भारत की तरफ से रेसलिंग में बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। जबकि महिला पहलवान अंशु मलिक ने रजत पदक जीता। वहीं मोहित ग्रेवाल और दिव्या काकरान कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रहे।
सबसे पहले फाइनल मुकाबले में नाइजीरिया की खिलाड़ी ओडूनायो एडिकोरोयो ने अंशु मलिक को 7-4 से हराया। बजरंग ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में कनाडा के पहलवान लकलान मैकनील को 9-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 62 किलोग्राम भारवर्ग में भारत की साक्षी मलिक ने कनाडा की एना गॉडिनेज को शिकस्त देकर स्वर्णिम सफलता हासिल की।
दीपक पूनिया ने 86 किलोग्राम भारवर्ग में पाकिस्तान के पहलवान मोहम्मद इनाम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। हालांकि महिला हॉकी में भारत को निराशा मिली। उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।