Commonwealth Games 2022: भारत को संकेत महादेव सरगर ने दिलाया पहला पदक, जीता रजत

खेल डेस्क। बर्मिंघम में शुक्रवार से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का पदक का खाता खुल गया है। शनिवार को भारतीय वेटलिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने पुरुषों के 55 किलोग्राम भारवर्ग में भारत को रजत पदक दिलाया है।
ये कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का पहला पदक है। महाराष्ट्र के सांगली के निवासी संकेत महादेव सरगर ने दो राउंड के छह अटेंप में अपनी पूरी ताकत झोंक कर कुल 248 किग्रा वजन उठाते हुए रजत पदक जीता।
उन्होंने पहले राउंड यानी स्नैच में बेस्ट 113 किग्रा वजन उठाया। इसके बाद वह दूसरे राउंड यानी क्लीन एंड जर्क में 135 किग्रा भार उठाने में सफल रहे। इसके साथ ही उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
संकेत महादेव सरगर ने पिछले वर्ष दिसंबर में हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में शुक्रवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।