Asia Cup: भारत बना आठवीं बार एशियाई चैम्पियन, अपने नाम दर्ज किए ये बड़े रिकॉर्ड

 | 
image Credits: espncricinfo

खेल डेस्क। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल में श्रीलंका को दस विकेट से करारी शिकस्त देकर एशिया कप पर कब्जा किया। टीम इंडिया ने आठवीं बार एशिया कप जीता। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं। मोहम्मद सिराज के छह विकेट के दम पर श्रीलंका की टीम केवल 50 रन पर सिमट गई, जवाब में भारतीय टीम ने केवल 6.1 ओवर में जीत हासिल की। 

इसके साथ ही भारत पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने वनडे फाइनल में दो अवसरों पर 10 विकेट से जीत हासिल की है। उसने 1998 में शारजाह में जिंबाब्वे को 10 विकेट से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने 263 गेंद शेष रहते हुए जीत दर्ज की जो इस मामले में उसकी सबसे बड़ी जीत है।

एकदिवसीय फाइनल में यह गेंद शेष रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत भी है। वहीं भारतीय टीम ने श्रीलंका को न्यूनतम स्कोर पर ढेर किया। 50 रन किसी वनडे फाइनल में भी यह सबसे कम स्कोर है।