Rajasthan: आरएलपी नेता और सांसद बेनीवाल पर अब जाकर एफआईआर, पांच महीने पहले किया था हाईवे जाम
- byShiv
- 02 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। आरएलपी नेता और सांसद हनुमान बेनीवाल और भाजपा अभी आमने सामने है। लगातार हनुमान बेनीवाल अभी चर्चाओं में बने हुए है। ऐसे में अब नागौर के पादूकलां में करीब 5 महीने पुराने हाईवे जाम प्रकरण में पुलिस ने आखिरकार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उप-अधीक्षक डेगाना के निर्देश पर पादूकलां थाने में दर्ज रोजनामचा रिपोर्ट के आधार पर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई नेताओं और समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को रियाबड़ी क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान विभिन्न नेताओं ने मंच से आंदोलन तेज करने, रोड जाम करने और जयपुर कूच का आह्वान किया था। इसके बाद बड़ी संख्या में वाहन और समर्थक पादूकलां तिराहे स्थित नेशनल हाईवे-58 पर पहुंचे। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने धीमी गति से चलते हुए हाईवे पर यातायात बाधित किया, और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना की।
रिपोर्ट में उल्लेख है कि लगभग 150 वाहनों और 200 से 250 लोगों के काफिले के कारण नेशनल हाईवे-58 पर एक तरफा यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। इस दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आम नागरिकों के आवागमन में भी परेशानी होने की बात कही गई है। मामले में सांसद हनुमान बेनीवाल, डॉ. श्रवण चौधरी, महेंद्र चौधरी सहित अन्य नेताओं और समर्थकों के नाम रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं।
pc-ianslive.in





