Thar Festival 2025: 11 व 12 मार्च को गैर नृत्य के साथ होगा थार महोत्सव का शुभारंभ, जानें पूरा कार्यक्रम

राजस्थान के बाड़मेर में 11 और 12 मार्च को भव्य थार महोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। जिला कलेक्टर टीना डाबी (IAS Tina Dabi) ने इस आयोजन को हरी झंडी दे दी है। यह महोत्सव बाड़मेर की लोक कला, संस्कृति, विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। 2024 में लोकसभा चुनावों के कारण यह आयोजन स्थगित कर दिया गया था, लेकिन इस वर्ष जनता की मांग पर इसे पुनः आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की रूपरेखा:

11 मार्च: महोत्सव का पहला दिन

  • सुबह 8:00 बजे: शोभायात्रा (गांधी चौक से आदर्श स्टेडियम तक)
  • सुबह 9:30 बजे: उद्घाटन समारोह, जिसमें बाड़मेर की पहचान गैर नृत्य की प्रस्तुति होगी।
  • सुबह 10:00 बजे: विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन (मिस थार, मिस्टर थार, दादा-पोता दौड़, रस्साकशी, पणिहारी मटका दौड़)
  • शाम 5:00 बजे: पंच गौरव बास्केटबॉल मुकाबला (स्टेशन रोड सरकारी स्कूल)
  • शाम 7:00 बजे: लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • रात 8:30 बजे: आमंत्रित फिल्मी सितारों द्वारा विशेष प्रस्तुति

12 मार्च: महोत्सव का दूसरा दिन

  • सुबह 7:00 बजे: थार मैराथन दौड़ (मल्लीनाथ चौराहा से अहिंसा चौराहा होते हुए स्टेशन रोड तक)
  • सुबह 9:00 बजे: आदर्श स्टेडियम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • दिनभर: पारंपरिक खेलों का आयोजन (कबड्डी, सतोलिया, रुमाल झपट्टा), मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताएं
  • शाम 7:00 बजे: लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति
  • रात 8:30 बजे: सेलिब्रिटी प्रस्तुति और समापन समारोह

आयोजन स्थल में बदलाव

पूर्व में थार महोत्सव तीन दिवसीय होता था, जिसमें बालोतरा और चोहटन में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। लेकिन अब बालोतरा को अलग जिला बना दिए जाने के कारण यह महोत्सव दो दिवसीय कर दिया गया है और सभी कार्यक्रम बाड़मेर जिला मुख्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

थार महोत्सव 2025 में कला, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह है।