Bank Strike: बैंकों की 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल हुई स्थगित, आज से सामान्य रूप से होगा काम

इंटरनेट डेस्क। बैंक कर्मचारियों और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच हुई बातचीत के बाद सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। अब आपको आज भी बैंक खुले मिलेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने रविवार रात हड़ताल टालने का ऐलान किया। ऐसे में 28 सितंबर को देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

3 दिन की होनी थी हड़ताल
मीडिया रिपोटर्स की माने तो यह हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित थी। खास बात यह है कि हड़ताल की तारीख बैंक खातों के अर्धवार्षिक बंद होने की प्रक्रिया के साथ भी पड़ रही थी। हड़ताल स्थगित होने से फिलहाल ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में प्रस्तावित तीन दिन के बड़े व्यवधान से राहत मिली है।
शनिवार की छुट्टी पर बनेगी उच्च स्तरीय समिति
हड़ताल टालने के पीछे सबसे बड़ा मुद्दा सप्ताह में पांच दिन बैंक खोलने की मांग है, आईबीए ने इस मांग की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने पर सहमति जताई है। समिति इस बात पर विचार करेगी कि बैंकिंग क्षेत्र में बचे हुए शनिवारों को छुट्टी घोषित किया जा सकता है या नहीं। इसके अलावा पांच दिवसीय कार्य सप्ताह से जुड़े दूसरे विकल्पों पर भी चर्चा होगी। 

आखिर क्यों बुलाई गई थी हड़ताल?
बैंक यूनियनों के संयुक्त मंच यूएफबीयू ने मुख्य रूप से सभी शनिवारों को छुट्टी और पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया था। यूनियनों का कहना है कि बैंक कर्मचारियों के काम के घंटे और कार्यभार लंबे समय से बढ़े हैं और पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग दो साल से अधिक समय से लंबित है।

pc-thesouthfirst.com