Bihar: भाई, भाभी और 2 बच्चों की हत्या, छोटे भाई ने 18 टुकड़ों में शवों को काट भर दिया सूटकेस और बोरों में

इंटरनेट डेस्क। बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सूटकेस और बोरों में टुकड़ों में मिले शवों के हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। बीते दिनों मोहनिया-रामगढ़ मार्ग पर दुर्गावती नदी पुल के नीचे पड़े दो सूटकेसों से जब इंसानी अंग बरामद हुए, तब किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह एक ही परिवार के चार लोगों की इतनी बेरहमी से की गई हत्या का मामला होगा। कुछ ही दिनों बाद नहर किनारे बोरों में मिले शवों के अन्य टुकड़ों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक भाई ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और दो मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शवों को 18 टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिया गया, ताकि पहचान मिटाई जा सके।

सूटकेस और बोरों में मिले थे 4 शव के टुकड़े
इस मामले में कैमूर एसपी ने मीडिया से बातचीत में इस भयावह और दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 10 मई को मोहनिया-रामगढ़ मार्ग पर दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो सूटकेस में कटे हुए शवों के अंग मिले थे। पुलिस अनुसंधान में जुटी ही थी कि 12 मई को अभयदेय गांव के पास नहर किनारे दो बोरों में मानव अंगों के कटे टुकड़े बरामद हुए। कुल मिलाकर एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चों के शव थे, जिन्हें हत्यारों ने 18 टुकड़ों में काटा था।

पकड़ा गया हत्यारा
पुलिस जांच में शवों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता, उनकी पत्नी दुर्गेश कुमारी और दो मासूम बच्चों के रूप में हुई। इसके बाद एसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छोटे भाई विकास गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विकास ने अपने भाई, भाभी और दो बच्चों की हत्या कर शवों को सूटकेस और बोरे में भरकर स्कूटी से फेंकने की बात कबूल की। 

pc- bhaskardigital.com