CJP: दीपके ने सरकार पर साधा निशाना, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लोगों की आवाज दबाने से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी

इंटरनेट डेस्क। कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने सेंसरशिप और सोशल मीडिया अकाउंट्स को हटाने की कार्रवाई की आलोचना की। दीपके ने बुधवार को कहा कि इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लोगों की आवाज दबाने से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी बल्कि जनता का सरकार पर अविश्वास और बढ़ सकता है।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इंस्टाग्राम पर कार्रवाई से कोई फायदा नहीं होने वाला है। सरकार हर दिन हजारों पोस्ट और अकाउंट हटा रही है लेकिन वह एक अहम बात को समझ नहीं पा रही है। दीपके ने आगे कहा कि इंस्टाग्राम सिर्फ एक प्लेटफॉर्म है जहां लोग अपने सवाल उठाते हैं। इन सवालों की वजहें सोशल मीडिया से कहीं आगे हैं। अकाउंट हटाने से लोगों के सवाल खत्म नहीं होंगे। इसके बजाय इस तरह की सेंसरशिप से जनता का सरकार पर भरोसा और कमजोर हो सकता है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो सोशल मीडिया पर कंटेंट को नियंत्रित करने, पोस्ट हटाने के सरकारी निर्देशों और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में कार्यकर्ताओं और राजनीतिक संगठनों के सोशल मीडिया अकाउंटस पर बार-बार कार्रवाई हुई है। सीजेपी के नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोगों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का माध्यम हैं। सोशल मीडिया पर गतिविधियों को रोकने से पेपर लीक, रोजगार के अवसरों की कमी और सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता जैसे बुनियादी सामाजिक और आर्थिक मुद्दे हल नहीं होंगे।

PC- theprint.in