Congress: वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस ने अपना रुख किया स्पष्ट, राष्ट्रगीत के पहले दो अंतरों को ही गाया जाएगा

इंटरनेट डेस्क। वंदे मातरम को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच कांग्रेस ने अपना रुख एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने 1937 में लिए गए अपने फैसले को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत की केवल पहली दो अंतरों को ही गाया जाएगा। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर किसी तरह का भ्रम नहीं है।

पार्टी का रूख किया साफ
मीडिया रिपोटर्स की माने तो वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस का रुख पूरी तरह स्पष्ट है और पार्टी 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा लिए गए निर्णय का पालन करेगी। उन्होंने कहा कि उस समय महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, रवींद्रनाथ ठाकुर और सुभाष चंद्र बोस जैसे शीर्ष नेताओं ने जो निर्णय लिया था, कांग्रेस आज भी उसी पर कायम है।

कांग्रेस कार्यक्रमों में गाए जाएंगे केवल पहले दो अंतरे
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में वंदे मातरम् के मुद्दे पर चर्चा के दौरान नेताओं ने 1937 के फैसले को दोहराया। बैठक के बाद वेणुगोपाल से जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे ही गाए जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा- हां, पहले दो अंतरे। कांग्रेस का कहना है कि 1937 में राष्ट्रीय और सार्वजनिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के इस्तेमाल को लेकर व्यापक चर्चा हुई थी। इसके बाद यह तय किया गया था कि गीत के शुरुआती दो अंतरों को ही ऐसे आयोजनों में गाया जाए।

pc- siasat.com