Crime: शादीशुदा प्रेमी पर शादी का दबाव बाबा रही थी लिव-इन पार्टनर, शख्स ने कर दी हत्या, 8 महीने तक शव को फ्रिज में...

मध्य प्रदेश के देवास में एक विवाहित व्यक्ति ने कथित तौर पर एक महिला द्वारा शादी के लिए दबाव डाले जाने पर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को करीब आठ महीने तक फ्रिज में रखा।

साड़ी पहनी महिला का सड़ा-गला शव शुक्रवार को आरोपी संजय पाटीदार द्वारा किराए पर लिए गए घर में फ्रिज के अंदर मिला। महिला ने आभूषण पहने हुए थे और उसके हाथ बंधे हुए थे तथा गले में फंदा था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता पिंकी प्रजापति की हत्या पिछले साल जून में हुई थी। बताया जाता है कि उज्जैन निवासी पाटीदार पिछले पांच साल से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।


महिला कथित तौर पर उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिसके चलते पाटीदार ने कथित तौर पर अपने दोस्त की मदद से उसकी हत्या कर दी।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने देवास के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के हवाले से बताया, "महिला की उम्र 30 साल के आसपास है। हमें संदेह है कि उसकी हत्या जून 2024 में की गई होगी। दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने मकान मालिक को बुलाया, जिसने घर का एक हिस्सा खोला। महिला का शव रेफ्रिजरेटर में मिला, जिसकी अलमारियां हटा दी गई थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।"

उन्होंने बताया कि घर का मालिक धीरेंद्र श्रीवास्तव है, जो इंदौर में रहता है। गहलोत ने यह भी बताया कि श्रीवास्तव ने जून 2023 में पाटीदार को अपना घर किराए पर दिया था। एक साल बाद पाटीदार ने घर खाली कर दिया, लेकिन अपना सामान स्टडी रूम और मास्टर बेडरूम में रखना जारी रखा।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसने श्रीवास्तव से कहा कि वह बाद में यह हिस्सा खाली कर देगा। पीटीआई ने एक अन्य पुलिस अधिकारी अमित सोलंकी के हवाले से बताया, "पाटीदार कभी-कभार घर आता था। हाल ही में मौजूदा किराएदार ने मकान मालिक से घर के इस हिस्से का ताला खोलने को कहा। मकान मालिक ने किराएदार को घर का यह हिस्सा दिखाया, लेकिन फिर से ताला लगा दिया, क्योंकि पाटीदार का सामान अंदर था और बुधवार को बिजली की आपूर्ति बंद कर दी।"

श्री सोलंकी ने बताया कि घटना तब प्रकाश में आई जब बिजली बंद होने के बाद रेफ्रिजरेटर ने काम करना बंद कर दिया और घर के उस हिस्से से दुर्गंध आने लगी। यह घटना दिल्ली में सनसनीखेज श्रद्धा वाकर हत्याकांड से मिलती जुलती है। आफताब अमीन पूनावाला पर मई 2022 में दिल्ली के महरौली में अपनी लिव-इन पार्टनर वाकर की गला घोंटकर हत्या करने और उसके शव को टुकड़ों में काटने का आरोप है। उसने कथित तौर पर उसके शव के अंगों को रेफ्रिजरेटर में भर दिया और फिर कई दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर उन्हें बिखेर दिया, ताकि पता न चले। वह दिल्ली की एक जेल में बंद है।