मंच पर कपड़े उतारकर नाचीं डांसर्स, दिखाने लगी प्राइवेट पार्ट्स, पैसे लुटाने वाले SDM को हटाया, किस लेने वाले 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

PC: navbharattimes

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम को पद से हटा दिया है। वहीं, कार्यक्रम में अनुचित गतिविधियों में शामिल पाए गए तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। आयोजन समिति के 14 सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है।

ओडिशा से बुलाई गई थीं बार डांसर
यह मामला गरियाबंद जिले के उरमाल गांव का है, जहां युवा समिति द्वारा छह दिवसीय ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के लिए ओडिशा से बार डांसरों को बुलाया गया था। आरोप है कि डांसरों ने मंच पर अर्धनग्न होकर अश्लील नृत्य किया और कपड़े उतारकर आपत्तिजनक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अनुमति मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम द्वारा दी गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान SDM तुलसी दास मरकाम और कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि SDM के लिए विशेष सीट आरक्षित की गई थी और कुछ पुलिसकर्मी डांसरों पर पैसे लुटाते और आपत्तिजनक व्यवहार करते नजर आए।

वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में
SDM की मौजूदगी में अश्लील डांस के वीडियो सामने आने के बाद गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SDM तुलसी दास मरकाम को हटा दिया। मामले की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गई है, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर्य ने ऑर्केस्ट्रा डांसरों के साथ अनुचित हरकतें करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों—प्रधान आरक्षक डिलोचन रावटे, आरक्षक शुभम चौहान और आरक्षक जय कंसारी—को निलंबित कर दिया है।

बाल संरक्षण आयोग ने मांगी रिपोर्ट
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल संरक्षण आयोग ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में किसी नाबालिग या बच्चे की मौजूदगी थी या नहीं, इसकी जांच की जाए। आयोग ने 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

आयोजन समिति के 14 सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने आयोजन समिति के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राजपूत (31), गोविंद देवांगन (21), नरेंद्र साहू (38), हसन खान (53), हरदयाल नागेश (50), मुकेश अग्रवाल (40), लाल कृष्ण कश्यप (27), राजेश कश्यप (36), सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू (50), ललित कौशिक (38), विकास यादव (32), जम्बूधर (40) और उमेश यादव (25) शामिल हैं।

स्थानीय युवक की शिकायत से खुला मामला
इस मामले का खुलासा एक स्थानीय युवक द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुआ था। अश्लीलता फैलाने के आरोप में पहले आयोजनकर्ता देवानंद राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, हालांकि शुरुआत में उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया था।

कार्यक्रम में ओडिशा के कटक स्थित जय दुर्गा ओपेरा की डांसरों को बुलाया गया था। यह कार्यक्रम 8, 9 और 10 जनवरी को आयोजित किया जाना था, जिसके लिए शहरभर में प्रचार किया गया था। डांसरों की फीस 60 हजार रुपये प्रतिदिन तय की गई थी, जबकि प्रवेश टिकट 200 से 400 रुपये तक रखे गए थे।