Dhirendra Shastri: शिवाजी महाराज पर धीरेंद्र शास्त्री का विवादीत बयान, भड़क गए रितेश देशमुख, धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी
- byShiv
- 27 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा हाल ही में छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर विवाद पैदा हो गया है। इस मामले में फिल्म एक्टर-फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों पर कड़ा रिएक्शन दिया है। यह रिएक्शन ऐसे समय आया है, जब रितेश खुद शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक भव्य फिल्म लेकर आ रहे हैं।

खुद को मानते है भक्त
मीडिया रिपोटर्स की माने तो रितेश देशमुख जो खुद को महाराज का कट्टर भक्त मानते हैं, इस टिप्पणी से इतने आहत हुए कि उन्होंने सोशल मीडिया पर बाबा को कड़े शब्दों में आइना दिखाया। रितेश देशमुख ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर मराठी में एक पोस्ट किया। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि जब कोई हमारे आराध्य देव के बारे में इस तरह की मनगढ़ंत और अपमानजनक बातें करता है, तो एक शिव-भक्त होने के नाते खून खौलना लाजमी है। रितेश ने दो टूक शब्दों में कहा, शिवाजी महाराज की विरासत को कमतर दिखाने की ऐसी बेकार कोशिशें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कोई भी आकर कुछ भी बकवास नहीं कर सकता।

धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?
जानकारी के अनुसार नागपुर में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने दावा किया था कि छत्रपति शिवाजी महाराज युद्ध लड़ते-लड़ते पूरी तरह थक गए थे। बाबा ने अपने भाषण में कहा, एक दिन महाराज अपने गुरु रामदास स्वामी के पास गए, अपना मुकुट उनके चरणों में रखा और कहा कि मैं अब और नहीं लड़ना चाहता, मैं बहुत थक गया हूं, आप ही इस राज्य को संभालें, बाबा के इसी दावे को इतिहास से छेड़छाड़ माना जा रहा है, क्योंकि शिवाजी महाराज के अनुयायियों का कहना है कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और न ही वह कभी थके थे। वहीं इस पूरे विवाद पर धीरेंद्र शास्त्री ने माफी मांग ली है।
pc- navbharat, jansatta.com, zee news






