89 रन पर ढेर होने के बाद फूटा गौतम गंभीर का गुस्सा: बोले- 'कोई बहाना नहीं चलेगा, इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई गेंद unplayable नहीं होती!'

PC: DNA INDIA

चौथे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के मात्र 89 रन पर सिमट जाने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी बात रखी और टीम के लचर प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया कि अब किसी भी तरह के बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

'मैट हेनरी की गेंदें ऐसी नहीं थीं कि खेली न जा सकें'
गंभीर ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि मैट हेनरी की गेंदबाजी का सामना करना नामुमकिन था। उन्होंने दो टूक कहा, "अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी ऐसी गेंद नहीं होती जिसे खेला न जा सके। हमें कम से कम पहले 10 ओवर क्रीज पर गुजारने थे। बेशक मैट हेनरी ने अच्छी लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की, लेकिन हमें अपनी कमियों से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए।"

बैटिंग लाइन-अप के इस तरह धराशायी होने पर चिंता जताते हुए गंभीर ने कहा कि जब टीम 90 रन के आसपास आलआउट हो जाए, तो चिंता होना स्वाभाविक है। विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट सिर पर हैं और पिछले मैच में भी हमने 7 विकेट गंवा दिए थे, जो कि एक गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक समस्या पिच या गेंद में नहीं, बल्कि बल्लेबाजों के खराब एग्जीक्यूशन में थी।

'बैटिंग का ढहना अब एक आदत बनता जा रहा है'
गंभीर ने दूसरे वनडे का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि वहां भी भारत ने डीएलएस (DLS) मेथड से मैच तो जीत लिया था, लेकिन सिर्फ 111 रन पर ही अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। उन्होंने कहा, "हमें मानसिक और तकनीकी रूप से खुद को मजबूत करने की जरूरत है। ऐसे कठिन हालातों में शुरुआत में बिना नुकसान के 35-40 रन का स्कोर सुरक्षित माना जाता है। हमारी टीम के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि खिलाड़ी आखिरी मुकाबले में अपनी गलती सुधारेंगे।"

गेंदबाजों का किया बचाव, खराब फील्डिंग को ठहराया जिम्मेदार
न्यूजीलैंड द्वारा 333 रन बनाए जाने के बावजूद गंभीर ने गेंदबाजों की आलोचना करने से इनकार किया। उन्होंने हार का ठीकरा खराब फील्डिंग और छूटे हुए कैचों पर फोड़ा। विल यंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके दो कैच छोड़े जाने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा और यंग ने 125 रनों की बड़ी पारी खेल डाली।

गंभीर ने कहा, "आकिब नबी अनलकी रहे, अगर मौके का फायदा उठाया जाता तो परिणाम कुछ और हो सकता था। हमें अपनी गेंदबाजी यूनिट पर गर्व होना चाहिए।" वहीं, जब उनसे 'वॉबल सीम' (Wobble Seam) को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह तकनीकी बारीकियों में नहीं उलझना चाहते। सीम से ज्यादा गेंदबाजों की सही एरिया और लेंथ ने बल्लेबाजों को परेशान किया, और हमारे बल्लेबाज क्रीज पर फंस गए थे।