Kala Hiran First Look: सलमान खान-बिश्नोई विवाद पर आधारित फिल्म का फर्स्ट लुक जारी; नाम बदलने के बावजूद चर्चा में

फिल्म ‘काला हिरण- द बैटल फॉर लिगेसी’ का फर्स्ट लुक रिलीज़ हो गया है। यह फिल्म एक्टर सलमान खान के 1998 के काले हिरण शिकार केस और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ हुए विवाद पर आधारित लग रही है।

विवाद से बचने के लिए मेकर्स ने बड़ी चालाकी से सलमान खान से प्रेरित कैरेक्टर का नाम अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित कैरेक्टर का नाम लायन बिश्नोई रखा है। सलमान खान ने हाल ही में फिल्म के मेकर्स पर केस किया है। इन सब में मेकर्स ने शुक्रवार को यह फर्स्ट लुक रिलीज़ किया, जो काफी चर्चा में है।

फिल्म ‘काला हिरण’ का करीब ढाई मिनट लंबा फर्स्ट लुक देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि मेकर्स ने इससे सलमान खान को टारगेट किया है। इसमें लीड एक्टर सलमान खान जैसा दिख रहा है। उसने सलमान जैसा ब्रेसलेट भी पहना हुआ है।

इस फर्स्ट लुक में सलमान से प्रेरित कैरेक्टर का नाम अयान खान है, जबकि लायन बिश्नोई नाम का एक गैंगस्टर भी दिखाया गया है और उसकी तुलना दाऊद से की गई है। ट्रेलर के मुताबिक, जैसे 90 के दशक में दाऊद एक टेरर था, वैसे ही आज लायन बिश्नोई एक टेरर है।

फिल्म में दो पुलिस ऑफिसर भी हैं: इंस्पेक्टर सावंत, जिन्हें 'टॉर्चर स्पेशलिस्ट' माना जाता है, और DCP पाटिल, जिन्हें कसाई कहा जाता है। टीज़र में पुलिस इन्वेस्टिगेशन, कोर्ट केस और अलग-अलग मुद्दे दिखाए गए हैं।

फिल्म में अयान खान का रोल एक डेब्यूटेंट ने किया है। फिल्म में मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव, कमलेश सावंत और नरेश गोसाईं भी हैं। फिल्म को भरत एस. श्रीनेत ने डायरेक्ट किया है और अमित जानी ने प्रोड्यूस किया है।

सलमान खान की लीगल टीम ने 'काला हिरण' के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को लीगल नोटिस भेजा है। इसमें फिल्म की शूटिंग और प्रमोशन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है। नोटिस में आरोप है कि फिल्म एक्टर के काले हिरण शिकार केस पर आधारित है। यह भी दावा किया गया है कि फिल्म खान की रेप्युटेशन को नुकसान पहुंचा सकती है और चल रही लीगल कार्रवाई में दखल दे सकती है।