Magh Mela 2026: प्रयागराज में संगम तट पर आस्था का महासंगम, शुरू हुआ माघ मेला, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
- byShiv
- 03 Jan, 2026
इंटरनेट डेस्क। प्रयागराज में माघ मेला 2026 का शुभारंभ हो गया है। मेले की शुरूआत के साथ ही संगम तट पर आस्था का महासंगम देखने को मिला। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर पहले मुख्य स्नान के साथ ही इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन की औपचारिक शुरुआत हो गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पहले मुख्य स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु संगम तट पर जमा हैं। 44 दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले के लिए संगम के घाट पूरी तरह तैयार हैं।

किए गए व्यापक इंतजाम
खबरों की माने तो श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वायड की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
कल्पवासियों का व्रत आरंभ
जनकारी के अनुसार माघ मेले को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। महाकुंभ मॉडल पर आधारित टेंट सिटी की तर्ज पर मेला क्षेत्र का विकास किया गया है। करीब 800 हेक्टेयर में फैले मेले में मार्ग चेकर्ड प्लेट से तैयार किए गए हैं। नावों पर एलईडी लाइट से सजी रंगीन छतरियां, संगम के जल में सात रंगों की रोशनी वाले फव्वारे रात के समय अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। पौष पूर्णिमा से कल्पवासियों का व्रत आरंभ हो जाएगा। आचार्य चौक, दंडीवाड़ा, खाक चौक, तीर्थ पुरोहितों के शिविरों के साथ-साथ प्रमुख आध्यात्मिक संस्थाओं के शिविर पूरी तरह तैयार हैं। शनिवार को प्रथम पुण्य स्नान के साथ संगम तट पर आस्था, परंपरा और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।
pc- www.indiatv.in, amar ujala,





