Monsoon Session: एक सप्ताह से संसद में कामकाज ठप, आज से टूटेगा गतिरोध, सार्वजनिक परीक्षा विधेयक पर होगी चर्चा

इंटरनेट डेस्क। संसद में लगातार हंगामे और ठप पड़े कामकाज के बाद मंगलवार से संसद का मानसून सत्र फिर से सामान्य होने की उम्मीद है। खबरों की माने तो नीट पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर एक सप्ताह से पक्ष-विपक्ष के बीच का गतिरोध टूटता दिख रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल और सभी दलों के शीर्ष नेताओं से बात के बाद सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पर चर्चा पर सहमति बन गई है। इससे संसद का अवरुद्ध विधायी कामकाज फिर से गति पकड़ सकता है। इसके पहले दोनों सदनों में कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही।

विपक्षी दलों से स्पीकर ने की बातचीत 
मीडिया रिपोटर्स की माने तो गतिरोध खत्म कराने के लिए ओम बिरला सदन में लगातार सभी दलों से अपील करते रहे कि यह मुद्दा करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है और इस पर राजनीति के बजाय गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार छह घंटे से अधिक समय तक चर्चा कराने के लिए तैयार है और विपक्ष को अपनी हर बात विस्तार से रखने का पूरा अवसर मिलेगा। इसके बाद उन्होंने विभिन्न दलों के फ्लोर लीडर्स से अलग-अलग बातचीत भी की।

किरेन रिजिजू की विपक्ष से अपील
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्ष से अपील की कि वह चर्चा से दूर न भागे। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोग संसद की कार्यवाही देख रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि सभी दल परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव देंगे। रिजिजू ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल कानून पारित कराना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

pc- nayaindia.com