Rajasthan: ईंधन की बचत के लिए सीएम ने छोटा किया काफिला, मुख्य सचिव समेत सभी अधिकारियों को दिए ये आदेश
- byvarsha
- 13 May, 2026
pc; India TV Hindi
जैसा कि हाल ही में पीएम मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने को लेकर निर्देश दिया था, उसी के मद्देनजर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकारी खर्च और ईंधन की बचत को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अनावश्यक वाहनों का इस्तेमाल न करने के लिए भी कहा है।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के काफिलों को लेकर भी यही निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि सरकारी कार्यक्रमों और दौरों के दौरान काफिलों में कम से कम वाहनों का इस्तेमाल किया जाए।
मुख्यमंत्री का मानना है कि सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग और फिजूलखर्ची रोकने के लिए यह कदम जरूरी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक निर्देश में भी कहा गया है कि प्रशासनिक स्तर पर भी ईंधन बचत और सादगी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि सरकारी कार्यप्रणाली में मितव्ययता का संदेश जाए।






