Rajasthan: समय पर नहीं आने वाले डॉक्टरों के विरुद्ध होगी तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई, सीएम ने दिए हैं ये निर्देश
- byShiv
- 15 Jul, 2026
जयपुर। पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पशु रोग नियंत्रण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक में ये बात कही है।
उन्होंने इस बैठक में कहा कि प्रदेश में कोई भी पशु लक्षित टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। पशुओं का स्वास्थ्य किसानों की आर्थिक समृद्धि का आधार है। पशु के बीमार होने का सीधा प्रभाव किसान की आजीविका और आय पर पड़ता है। इसलिए पशुओं में टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
सीएम भजनलाल ने इस दौरान ये भी कहा कि विभाग पूरी सजगता और सतर्कता के साथ फील्ड पर प्रभावी मॉनिटरिंग करें तथा पशु चिकित्सा संस्थानों में औचक निरीक्षण किए जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय पर नहीं आने वाले डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, अस्पताल की दवाओं के निजी उपयोग तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर भी सख्त एक्शन लें। मुख्यमंत्री ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं के उपचार में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आंकड़े और रिपोर्ट का फील्ड वेरिफिकेशन कराया जाएगा।
PC: dipr.rajasthan






