Rajasthan: लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने से ठीक पहले इन पांच नेताओं ने छोड़ी कांग्रेस, थामा भाजपा का दामन

इंटरनेट डेस्क। लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान में कांग्रेसी नेताओं का पार्टी छोडऩे का सिलसिला अभी समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। अब कांग्रेस को राजस्थान के कोटा जिले से बड़ा झटका लगा है। खबरों के अनुसार, अब राजस्थान के कोटा दक्षिण नगर निगम में कांग्रेस के तीन और पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। 

खबरों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हरिकृष्ण बिरला की उपस्थिति में कांग्रेस पार्षद जीतेंद्र सिंह, प्रदीप कसाना और कमलकांत शर्मा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इन तीनों पार्षदों के साथ ही कांग्रेस के एससी प्रकोष्ठ के संभागीय प्रवक्ता कैलाश चंद कराड़ और युवा कांग्रेस के जिला सचिव मौसम सिंह हाड़ा ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता हासिल कर ली है। 

इस मौके पर नगर निगम कोटा दक्षिण के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री अनुसूइया गोस्वामी भी कार्यक्रम में शामिल रही। गौरतलब है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

PC: republicworld