Rajasthan: गहलोत ने क्यों कहा की हमने राजस्थान में पीएम मोदी और शाह के मंसूबों को ध्वस्त कर दिया

इंटरनेट डेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को निशाने पर लिया है। उन्होंने प्रदेश की भजनलाल सरकार द्वारा दो साल बनाम पांच साल की बात करने को लेकर भी बात कही। मीडिया रिपोटर्स की माने तो अशोक गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि सरकार दो साल बनाम पांच साल की बातें करती है। किसी ने मुख्यमंत्री जी को पर्ची पकड़ा दी या ब्रीफ कर दिया कि दो साल की तुलना पांच साल से करें। हमारे डेढ़ साल तो कोविड में निकल गए। उसके बावजूद हमने योजनाएं बनाई और काम किया।

जानकारी के अनुसार गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि हमारी सरकार किन परिस्थितियों से गुजरी, आप जानते हैं। सरकार गिरते-गिरते बची, वह भी एक इतिहास बना। कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा में सरकारें चली गईं, लेकिन हमने राजस्थान में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के मंसूबों को ध्वस्त कर दिया। 34 दिन होटल में रहे, एक भी एमएलए हमें छोड़कर नहीं गया। उन्हें कितने ऑफर  दिए गए, आप कल्पना नहीं कर सकते।

जानकारी के अनुसार अशोक गहलोत ने इस दौरान ये भी कहा कि हमारी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। अन्नपूर्णा योजना एक अच्छी योजना थी। उस पर मुख्यमंत्री के रूप में मेरी फोटो लगी थी, आप उसे हटा देते और भजनलाल जी की फोटो लगा देते, लेकिन योजना बंद क्यों कर दी? हर शहर और गांव में इंदिरा रसोई चल रही थी। मजदूर, छात्र, आम नागरिक और गरीब लोग वहां भोजन करते थे। अब वह योजना कमजोर होकर ठप पड़ी है।