Russia-Ukraine: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर किए भीषण हमले, बैलिस्टिक मिसाइलों का किया उपयोग

इंटरनेट डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच एक बार फिर से युद्ध भीषण होता दिख रहा है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के शहरों में भीषण हमला किया है। रूस के बैलिस्टिक मिसाइलों से किए हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हुए हैं। शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक किए गए इन हमलों से कई रिहायशी इमारतों, वाहनों और वेयरहाउस में आग लग गई। 

कई कारें और दूसरे वाहन हमलों की वजह से जलकर राख हो गए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इसे रूस के कीव पर अब तक के बड़े हमलों में से एक कहा है। रविवार तड़के तक करीब पांच घंटे चले भीषण हवाई हमलों ने शहर के कई हिस्सों में तबाही के निशान छोड़े हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तबाही की तस्वीरें साझा करते हुए जेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने हमारी राजधानी कीव पर अलग-अलग तरह की करीब 40 मिसाइलें दागीं और 120 ड्रोन से हमले किए। 

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने कीव पर 40 इस्कंदर-एम और हाइपरसोनिक जिरकॉन मिसाइलें दागी हैं। इन हमलों की शुरुआत शनिवार-रविवार रात करीब 1.30 बजे हुआ, जब हवाई हमले का सायरन बजा। इसके तुरंत बाद वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। इसके बाद लगातार धमाकों और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

pc- www.npr.org