VHT 2025: एक मैच के बाद ही विजय हजारे ट्रॉफी से बाहर हुए वैभव सूर्यवंशी, ये कारण आया सामने

इंटरेनट डेस्क। विजय हजारे ट्रॉफी में तूफानी शुरुआत करने वाले वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बिहार के लिए खेलने वाले 14 साल के इस युवा बल्लेबाज को एक खास वजह से एक ही मैच के बाद टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा है। इसकी वजह है एक खास अवॉर्ड, जो उन्हें देश की राष्ट्रपति के हाथों से मिलना है और इसके लिए वो अपने पहले मैच के बाद ही दिल्ली पहुंच गए।

बुधवार 24 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत हुई थी, बिहार का पहला मैच अरुणाचल प्रदेश के साथ था और इस मुकाबले में वैभव ने शतक ठोक दिया। बाएं हाथ के स्टार ओपनर ने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन की हैरतअंगेज और रिकॉर्डतोड़ पारी खेलकर तहलका मचा दिया। अपनी पारी के दौरान वैभव ने सिर्फ 59 गेंदों में 150 रन पूरे करते हुए एबी डिविलियर्स का सबसे तेज 150 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

कौन सा अवॉर्ड मिलेगा वैभव को?
असल में वैभव सूर्यवंशी को इस बार केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। शुक्रवार 26 दिसंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें ये खास अवॉर्ड देंगी। इसके अलावा वैभव इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद भी टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि इसके बाद वो अंडर-19 टीम के साथ जुड़ जाएंगे, जो 30 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के लिए रवाना होगी।

pc- news18 hindi