Weather Update: राजस्थान में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, शीतलहर का अलर्ट जारी, तापमान में आएगी और गिरावट
- byShiv
- 05 Dec, 2025
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी गलन वाली सर्दी का अहसास होने लगा है। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। हालांकि बारिश या पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई नहीं दे रहा है। सर्द हवा के कारण ठंड बढ़ रही है, इसका सबसे ज्यादा असर सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर व आस-पास के इलाकों में दिख रहा है। यहां के कई जिलों में रात का तापमान लगातार गिर रहा और जमाव बिंदु की तरफ बढ़ रहा है।
तापमान में आ रही गिरावट
मौसम विभाग की माने तो गुरुवार को राज्य के सभी जिलों का मौसम शुष्क रहा लेकिन न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में तापमान में लगभग 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। जयपुर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही। अगले 2 से 5 दिनों तक राज्य में शीतलहर और कोहरे का असर बने रहने के संकेत हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग की माने तो राज्य के अधिकांश भागों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश या बादलों की कोई खास गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी, वहीं शेखावाटी में ठंड एऔर बढ़ेगी, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि आगामी एक दिन में शेखावाटी के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है। इसके साथ ही कहीं-कहीं शीतलहर चलने की भी संभावना जताई गई है।
pc-kisantak.in






