Weather Update: राजस्थान में आज से फिर एक्टिव होगा मानसून, कई जगहों पर हो सकती हैं बारिश

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में एक बार फिर से मानसून एक्टिव हुआ है। कुछ दिनों की सुस्ती के बाद बुधवार को राजधानी जयपुर में कई जगहों पर बारिश देखने को मिली। आईएमडी के अनुसार 3 सितंबर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं। भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों के साथ शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 4 सितंबर से बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।

कल से बढ़ सकती है मानसूनी गतिविधियां
मौसम विभाग की माने तो 4 से 7 सितंबर के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कोटा संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज तथा भारी बारिश भी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक फिलहाल बारिश का असर पूरे राजस्थान में एक जैसा नहीं रहेगा, पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर बना रहेगा। हालांकि 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आज यहां हो सकती हैं बारिश
मौसम विभाग जयपुर की माने तो 3 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। शेखावाटी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी स्थानीय स्तर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। जिलावार मौसम चेतावनी के अनुसार अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, जयपुर, टोंक और कोटपूतली-बहरोड़ समेत कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

pc- aaj tak