Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच राहत, कई जिलों में अंधड़ के साथ बारिश, आज के लिए भी येलो अलर्ट जारी
- byShiv
- 29 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भीषण गर्मी के दौर के बीच लोगों को कुछ राहत मिली है। दो दिन से कई जिलों में शाम के समय आंधी बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जिसके चलते शाम को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। लेकिन अभी गर्मी का रौद्र रूप देखना बाकी है। जी हां 2 मई से जेठ के महीने की शुरूआत होने जा रही है और जेठ की गर्मी का तो आपको पता ही है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर, 19 शहरों में बुधवार को अंधड़-बारिश और मेघगर्जन का अलर्ट है।
कई जिलों में अंधड़- बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट की माने तो बुधवार को जयपुर, अलवर, कोटपूतली, बहरोड,खैरथल- तिजारा और दौसा जिले में 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने व मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह से ही राजधानी जयपुर में बादल छाएं हुए है। सीकर, करौली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की गति से अंधड़ चलने और मेघगर्जन के बौछारें गिर सकती है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मई में बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग की माने तो अप्रेल के महीने में ही अधिकतम तापमान 46 डिग्री को पार कर गया है। लेकिन अब मई में तापमान इससे अधिक जा सकता है। इधर, आंधी और बारिश से शहरों के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट आई। बीते एक दिन में जैसलमेर में पारा 46.4 से गिरकर 40.8 पर आ गया, वहीं लूणकरसर में भी पारा 4 डिग्री गिरकर 40 डिग्री पर पहुंच गया है। जयपुर में भी करीब तीन डिग्री पारे में गिरावट दर्ज की गई है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
pc- india tv hindi






