Weather update: राजस्थान में साफ हुआ मौसम, सुबह शाम की हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, तापमान में आ रही गिरावट
- byShiv
- 13 Oct, 2025

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में बारिश का दौर अब बिलकुल समाप्त हो चुका हैं और उसके साथ ही अब सुबह शाम की ठंडी हवाओं ने गुलाबी सर्दी को बढ़ा दिया है। लगातार चल रही उत्तरी हवाओं ने राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ा दिया है। रात के तापमान में गिरावट हो रही है। हालांकि दिन के समय तेज धूप खिलने से गर्मी का अहसास होता है लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगती है। रविवार को प्रदेश के सभी 41 जिलों के तापमान में गिरावट आई। सबसे कम तापमान सीकर का रहा जहां 15.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बदल रहा मौसम
सुबह शाम की हवाओं से रात्रि के समय सर्दी का अहसास होता है, लेकिन दिन के समय गर्मी भी अपने तेवर दिखा रही है। दिन के समय कई जिलों में तेज धूप खिलती है। ऐसे में दोपहर 12 बजे से लेकर शाम करीब 4 बजे तक तीखी धूप छाई रहती है। रविवार को बाड़मेर में दिन का तापमान सर्वाधिक 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर जैसलमेर का तापमान भी 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी जिले गंगानगर का तापमान भी 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तापमान कम हो रहा
मौसम विभाग की रिपोर्ट की माने तो शेखावाटी क्षेत्र के सीकर का तापमान सबसे कम रहा। वहां 15.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरे नंबर पर नागौर शहर रहा जहां 15.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो झुंझुनूं जिले के पिलानी में 16.2 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 16.2 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 16.4 डिग्री सेल्सियस, जालौर में 16.5 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 16.8 डिग्री सेल्सियस, अंता बारां में 17.0 डिग्री सेल्सियस,चित्तौड़गढ़ में 17.2 डिग्री सेल्सियस, डबोक में 17.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
pc- danik bhaskar