Weather Update: राजस्थान के कुछ जिलों में आज बदल सकता हैं मौसम, देखने को मिल सकती हैं हल्की बारिश
- byShiv
- 30 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिला है। दो दिन की बारिश के बाद एक बार फिर से चिलचिलाती धूप और गर्मी का दौर शुरू हो गया है। लेकिन इस बीच प्रदेश के कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। जयपुर मौसम विभाग की माने तो राज्य के ऊपर एक नया और सक्रिय मौसमी सिस्टम बना है, जिसके प्रभाव से अचानक तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने खासकर पूर्वी और मध्य राजस्थान के जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राजधानी जयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जयपुर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना है, यहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जिसके साथ हल्की से मध्यम बारिश भी होने का अनुमान है। टोंक और बूंदी जिलों में भी मौसम का मिजाज काफी आक्रामक और खतरनाक नजर आ रहा है। जयपुर केंद्र की ओर से जारी अलर्ट में टोंक को बेहद संवेदनशील माना गया है और यहां ऑरेंज अलर्ट के साथ तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी गई है।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर और फलोदी के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का सटीक अनुमान जताया है। इन पश्चिमी इलाकों में भी बारिश के बाद तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम के इस बड़े बदलाव का असर सिर्फ एक या दो जिलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीकर, डीडवाना-कुचामन, नागौर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में भी व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है।
pc- jansatta




