इंटरनेट डेस्क। एशियन गेम्स में भारत ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। निस्शिन में शुक्रवार को भारतीय स्पिनरों ने ऐसा जाल बुना कि मेजबान जापान की बल्लेबाजों को रन बनाने का रास्ता ही नहीं मिला। नतीजा- पूरी टीम सिर्फ 57 रनों पर ढेर और भारत ने महज 5 ओवरों में 59 रन बनाकर 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से 20 सितंबर को होगा। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और शुरुआत से ही जापान पर शिकंजा कस दिया। जापानी बल्लेबाजों के पास भारतीय गेंदबाजी का जवाब नहीं था। पावरप्ले के छह ओवर में ही तस्वीर साफ हो गई थी। जापान के खाते में सिर्फ 24 रन आए और इस दौरान सिर्फ दो चौके लगे। इनमें भी एक चौका बल्ले के बीच से नहीं, बल्कि स्लिप के पास से निकले किनारे की वजह से आया।
भारत की अनुभवी स्पिन गेंदबाजी के सामने जापान की बल्लेबाजी पूरी तरह जकड़ी नजर आई, सबसे बड़ा वार किया बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने, उन्होंने सातवें ओवर में लगातार दो गेंदों पर ओपनर हारुना इवासाकी और कप्तान माई यानागिदा को पवेलियन भेजकर जापान की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
pc- aaj tak






