Bihar Elections 2025: 20 नवंबर को शपथ ग्रहण करेंगे नीतीश कुमार, गांधी मैदान में तैयारियां जोरो पर

इंटरनेट डेस्क। बिहार में विधानसभा चुनावों के बाद एनडीए को बहुमत मिल चुका हैं, और अब 20 नवंबर को शपथ ग्रहण होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी के गांधी मैदान होगा। सोमवार को जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम और विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीम ने स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

तैयारियां चल रही जोरो पर
पूरे मैदान को कार्यक्रम के अनुरूप अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से की जा सके। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रतिनियुक्त किया है, जिसमें पांच अधिकारियों को विशिष्ट अतिथियों के लिए लगाया गया है। गांधी मैदान में मुख्य मंच के निर्माण को वीवीआइपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। आसपास बैरिकेडिंग, विशेष अतिथियों के लिए अलग मार्ग, मीडिया के लिए निर्धारित क्षेत्र और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था पर काम चल रहा है। 

अधिकारियों ने लिया जायजा
सोमवार को पूरे दिन विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी गांधी मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे। दोपहर में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, रेंज आइजी जीतेन्द्र राणा, जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एस एम ने निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को बड़ी संख्या में पंडाल निर्माण को लेकर सामग्री उतारी गई।

pc- oneindia.com