Delhi: आग से 9 लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने जताया दुख, सहायता राशि की हुई घोषणा
- byShiv
- 04 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार को तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक बच्चे समेत 2 परिवारों के कम से कम 9 लोगों की जलकर मौत हो गई। इन मौतों पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया हैैं और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख और घायलों के लिए 50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- दिल्ली के शाहदरा जिले में आग से लोगों की मौत बेहद दुखद है। हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
दी सहायता राशि
मीडिया रिपोटर्स की माने तो प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिजन को 2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार दिए जाएंगे। इस घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में 4 मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब 3 बजकर 48 मिनट पर मिली जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि आग ने इमारत के कई फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
अलग-अलग मंजिलों से 9 लाशें बरामद
खबरों की माने तो दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि अलग-अलग मंजिलों से 9 लाशें बरामद की गईं हैं। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा कि एक शव पहली मंजिल से 5 शव दूसरी मंजिल से और 3 शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। सीढ़ियों वाले हिस्से में ताला लगा मिला। दूसरी मंजिल पर मृत पाए गए लोगों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनिता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन के रूप में हुई है। तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए। उनकी पहचान नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) के रूप में हुई है। पहली मंजिल में महिला की मौत हुई है। पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) नाम की महिला मृत पाई गईं, जबकि उनके पति नवीन जैन (48) घायल हुए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आग बुझाने के अभियान के दौरान परिसर से करीब 10 से 15 लोगों को बचाया गया। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
pc- hindustan,patrika





