Kolkata: सरकारी मेडिकल कॉलेज के टॉयलेट में रात को मिली 30 साल की नर्स की लाश,पता चलते ही मचा...
- byShiv
- 14 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। कोलकाता के नीलरतन सरकारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां रात में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के टॉयलेट से एक महिला नर्स का शव बरामद हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से अंदर से बंद था और बार-बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर से नर्स का शव बरामद किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला नर्स की मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच एंटाली पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला नर्स की बुधवार को नाइट शिफ्ट थी और वह रात करीब 8 बजे ड्यूटी पर पहुंची थी। उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि रात 9 बजे से 10 बजे के बीच वह अस्पताल के टॉयलेट गई थी, काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो सहकर्मियों को चिंता हुई, उन्होंने टॉयलेट के बाहर से कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
pc- live mint





