Meerut: चर्चित नीले ड्रम केस में सजा का ऐलान, मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा
- byShiv
- 15 Oct, 2026
इंटरनेट डेस्क। यूपी के मेरठ के चर्चित नीले ड्रम और हत्या के केस में सजा का ऐलान हो गया है। बुधवार को कोर्ट ने सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में जिला जज की अदालत में सजा का ऐलान हुआ। इस केस में दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। मेरठ के नीले ड्रम और हत्या के मामले में कोर्ट ने जैसे ही फांसी की सजा सुनाई, वैसे ही मुस्कान और साहिल रोने लगे।
कोर्ट ने महाभारत का जिक्र किया
कोर्ट ने इस मामले में सजा सुनाते हुए महाभारत का भी जिक्र किया। कोर्ट ने कहा कि अपराधियों को सजा देना भी धर्म है। इस मामले में जेल अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों ने फैसले के कुछ देर बाद पूछा कि अब क्या होगा। उन्हें बताया गया कि वह आगे हाई कोर्ट में अपील कर सकते हैं, अपील वह प्राइवेट भी कर सकते हैं, यदि उनके परिवार प्राइवेट अपील नहीं करते हैं तो वह सरकारी वकील की मांग कर सकते हैं। फिलहाल दोनों शांत हैं और आगे अपील का मन बना रहे हैं।
क्या था पूरा मामला?
मर्चेंट नेवी के पूर्व कर्मचारी सौरभ राजपूत की हत्या का मामला देशभर में चर्चा में रहा था। हत्या के बाद सौरभ के शव के टुकड़े करके उसे नीले ड्रम में भर दिया गया था और ऊपर से सीमेंट डाल दिया गया था। इस मामले में मुस्कान और साहिल दोषी पाए गए थे। इस मामले में कोर्ट ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई।
सौरभ के परिजन संतुष्ट
मुस्कान और साहिल को सजा का ऐलान होने के बाद सौरभ के परिजनों का भी बयान सामने आया। सौरभ के परिजन संतुष्ट दिखे और उन्होंने कहा कि हमें न्याय मिल गया। फैसले के बाद सौरभ राजपूत के परिवार की आंखें नम हो गईं। सौरभ का परिवार लंबे समय से न्याय की आस में इंतजार कर रहा था।
pc- aaj tak




