Monsoon 2026: इस साल मंडरा रहा सूखे का खतरा, होगी सामान्य से कम बारिश

इंटरनेट डेस्क। इस समय एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं और बारिश भी हो रही हैं, पश्चिमी विक्षोभों के असर से भले ही इस वर्ष मार्च के बाद अप्रैल में भी देश के कई हिस्सों में झमाझम वर्षा हो रही हो। लेकिन निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर ने कहा कि इस साल मानसून में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है, जो लंबी अवधि के औसत (एलपीए) का 94 प्रतिशत होगी।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो इसकी बड़ी वजह अल नीनो को माना जा रहा है, जिसका असर वर्षा पर पड़ सकता है। स्काईमेट का कहना है कि मानसून के चार माह में देशभर में औसतन 817 मिमी वर्षा हो सकती है। हालांकि इसमें पांच प्रतिशत तक ऊपर या नीचे रहने की गुंजाइश भी बताई गई है।

एजेंसी ने यह भी कहा है कि इस साल देश में सूखे की आशंका करीब 30 प्रतिशत तक है, जबकि 40 प्रतिशत संभावना ऐसी है कि वर्षा सामान्य से कम ही रहे। एजेंसी के अनुसार जून (101 प्रतिशत) में शुरुआत अच्छी होगी, लेकिन जुलाई (95 प्रतिशत), अगस्त (92 प्रतिशत) और सितंबर (89 प्रतिशत) में ग्राफ गिरता जाएगा। स्काईमेट के अनुसार पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे उत्तर-पश्चिमी राज्यों में सूखे की 30 प्रतिशत आशंका है जबकि पूर्वी भारत में स्थिति बेहतर रहेगी। 

pc- outlookbusiness.com