MP: पत्नी किसी से कर रही थी फोन पर बात...एसएसबी जवान ने देखा तो....फिर पत्नी की छाती पर पैर रख दबा दिया गला...

इंटरनेट डेस्क। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ी घटना सामने आई है। इस घटना के बारे में आप भी सुने तो एक बार सन्न रह जाएंगे। यहां करवाचौथ मनाने जम्मू-कश्मीर से आए एसएसबी जवान ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के पास बेडरूम में सोता रहा। सुबह 6 बजे पत्नी का शव गाड़ी में रखकर अपने पुश्तैनी गांव भिंड के छौंदा ले गया। वहां ससुरालवालों को फोन कर पत्नी की हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही। 

क्या हैं पूरा मामला
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्ञान सिंह मूल रूप से भिंड जिले के छौंदा गांव का रहने वाला है। वह एसएसबी में सिपाही है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। ज्ञान सिंह 27 अक्टूबर को करवाचौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। वह मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव में किराए के मकान में पत्नी रिंकी जाटव और बच्चों के साथ रह रहा था। रविवार को आरोपी के पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद रिंकी ने अपने ससुर को वापस भिंड छोड़ आने के लिए कहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात वापस ग्वालियर लौटा।

छाती पर पैर रखकर घोंटा गला
बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर ज्ञान सिंह को शक हुआ और उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्ञान सिंह ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। उस समय घर में 14 साल का बेटा दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी भी मौजूद थे। दोनों बच्चों ने अपनी आंखों के सामने मां की हत्या होते देखी। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को बेडरूम में रखा और रातभर उसी कमरे में सोता रहा।

हार्ट अटैक बताया मौत का कारण
सोमवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी पत्नी का शव गाड़ी में रखकर भिंड जिले के छौंदा गांव पहुंचा। वहां उसने पत्नी के मायके भीरमपुरा में रहने वाले साले सचिन जाटव को फोन कर बताया कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। रिंकी के शरीर पर चोट के निशान और घुटनों पर गंभीर चोट देखकर परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने आरोपी से सवाल किए तो उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया और चुप रहने को कहा। आरोपी ने अपनी 12 साल की बेटी प्रियांशी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद बेटी ने चुपके से अपने मामा सचिन को पूरी घटना बता दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

pc- NBT