PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया संकट को लेकर की हाई लेवल मीटिंग, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

इंटरनेट डेस्क। पश्चिम एशिया की लगातर बदलती स्थिति को देखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पेट्रोलियम, कच्चे तेल, गैस, बिजली और उर्वरक क्षेत्रों से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई दिग्गज मंत्री मौजूद रहे, इस दौरान पीएम मोदी ने कई अहम निर्देश दिए।

हुई इन खास मुद्दों पर चर्चा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बैठक की अध्यक्षता करते हुए पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण संघर्ष के संदर्भ में मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और प्रस्तावित निवारक उपायों पर चर्चा की। इस बैठक के दौरान यह भी निर्धारित किया गया कि सभी बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया जाएगा ताकि भारत में बिजली की कोई कमी न हो। रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के लिए आवश्यक आयात स्रोतों में विविधता लाने के लिए कई उपायों पर चर्चा की गई। इसी प्रकार, भारतीय वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए निकट भविष्य में नए निर्यात गंतव्य विकसित किए जाएंगे।

खबरों की माने तो प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकार के सभी अंगों को नागरिकों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि मंत्रियों और सचिवों का एक समूह गठित किया जाए जो समग्र सरकारी दृष्टिकोण के साथ समर्पित रूप से काम करे। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि क्षेत्रीय समूह सभी हितधारकों के परामर्श से काम करें। बता दें कि ईरान के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कई भारतीय जहाज के फंस जाने के चलते एलपीजी टैंकर को देश पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही है।

pc- thehansindia.com