राहुल गांधी ने पीएम मोदी को फिर से दी खुली बहस की चुनौती, कहा- जज तुम जो चाहो नियुक्त कर सकते हो
- byShiv
- 04 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से खुली बहस की चुनौती दी है। खबरों की माने तो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कोई भी मंच या जगह चुन लें और उनसे बहस करें।
क्या लिखा राहुल गांधी ने
राहुल गांधी ने लिखा कि कोई भी मंच, कोई भी जगह चुन लो और मुझसे इस पर बहस करो - कौन राष्ट्रविरोधी है? किसके विदेशी ताकतों से संबंध हैं? और उन संबंधों की प्रकृति क्या है? जल्द से जल्द ये कर लो। हम दोनों होंगे। मीडिया होगी। देश के युवा होंगे। एक टेबल होगी। तुम एक तरफ बैठोगे, मैं दूसरी तरफ। जज तुम जो चाहो नियुक्त कर सकते हो। मोहन भागवत जी को भी जज बना सकते हो।
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को संसद में विशेष सत्र बुलाने और ईवीएम, एसआईआर समेत मुद्दों पर बहस की चुनौती दी थी। शाह ने कहा था कि राहुल गांधी संविधान को हाथ में लेकर चलते हैं लेकिन उसका सम्मान नहीं करते और संसद चलने नहीं देते। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी के इस रवैये पर तीखा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि राहुल जी, आप प्रधानमंत्री से बहस के लिए जगह चुनने को कहते हैं। जगह तो पहले से ही है - संसद, जहां आप लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। कल ही गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर और ईवीएम पर विशेष सत्र की पेशकश की थी। सोशल मीडिया पर चुनौती देने जितना उत्साह संसद में बहस के लिए क्यों नहीं दिखाते? जवाब मांगने के साथ-साथ जवाब सुनने की जिम्मेदारी भी होती है।
pc- business-standard.com






